भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। सूबे में बने मजबूत मानसूनी सिस्टम के असर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आ गई है। रविवार को पूर्वी हिस्सों में व्यापक वर्षा दर्ज की गई, वहीं सोमवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।

6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, आगामी 24 घंटों में उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी वर्षा होने के आसार हैं। इसके अतिरिक्त भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा समेत राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

तीन मौसम प्रणालियों से बदला मिजाज

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अरुण शर्मा के मुताबिक, राज्य के ऊपर से वर्तमान में मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसके साथ ही निम्न दबाव का क्षेत्र और डिप्रेशन भी क्रियाशील है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश का सिलसिला और बढ़ेगा, जिसके चलते 27 से 30 जुलाई के दौरान कई अंचलों में अति भारी बारिश हो सकती है।

औसत से 15 प्रतिशत कम बरसा पानी

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक औसतन 334.9 मिमी वर्षा हुई है, जो इस अवधि की सामान्य वर्षा 395.2 मिमी से करीब 15 फीसदी कम है। आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 प्रतिशत और पश्चिमी भाग में 13 प्रतिशत बारिश का कोटा अभी भी अधूरा है।