जीत के करीब पहुंचकर चूकी दिल्ली कैपिटल्स, मिलर की गलती बनी वजह
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया आईपीएल 2026 का मुकाबला रोमांचक मोड़ पर जाकर खत्म हुआ। दिल्ली की टीम आसानी से ये मैच जीत रही थी, लेकिन अंतिम दो गेंदों पर कुछ ऐसा हुआ जिसकी कल्पना किसी क्रिकेट प्रशंसक ने नहीं की थी। डेविड मिलर शानदार पारी खेलकर दिल्ली की जीत दिलाने के करीब थे, लेकिन 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने एक ऐसी गलती कर दी जो अंत में टीम पर भारी पड़ गई।
गुजरात ने खोला जीत का खाता
दिल्ली ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। गुजरात ने शुभमन गिल (70), वाशिंगटन सुंदर (55) और जोस बटलर (52) की अर्धशतकीय पारियों से 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी। उनके लिए केएल राहुल ने सर्वाधिक 92 रनों की पारी खेली। दिल्ली ने लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच छह-छह विकेट के अंतर से जीते थे। दिल्ली फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, गुजरात की टीम पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी थी, जिसके बाद आखिरकार गुजरात ने जीत का खाता खोला है। यह टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
केएल राहुल चमके
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। अच्छी शुरुआत के बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ाई और टीम ने 101 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए। यहां से केएल राहुल ने मोर्चा संभालते हुए डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जुटाए। मिलर ने दिल्ली के खाते में 12 रन का योगदान दिया और वह रिटायर्ड हर्ट होकर लौट गए। केएल राहुल ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने से पहले आउट हो गए। मिलर फिर मैदान पर उतरे और उन्होंने साहसिक खेल दिखाया। मिलर इस मैच में 41 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
कैसी दिल्ली ने जीती बाजी गंवाई
- आईपीएल के इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आखिरी ओवर तक सांसें थाम देने वाली जंग देखने को मिली।
- असली टर्निंग पॉइंट बना 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लिया गया एक फैसला। जब प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डेविड मिलर ने एक रन नहीं लिया।
- विपराज निगम और डेविड मिलर क्रीज पर मौजूद थे। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने 20वां ओवर डालने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा को गेंद थमाई।
- पहली गेंद: विपराज निगम ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर शानदार चौका जड़ा। (अब पांच गेंदों में नौ रन)
- दूसरी गेंद: अगली ही गेंद पर निगम आउट हो गए। शुभमन गिल ने शानदार कैच लपका। (अब चार गेंदों में नौ रन) कुलदीप क्रीज पर आए।
- तीसरी गेंद: कुलदीप ने सिंगल लेकर स्ट्राइक डेविड मिलर को दी। (अब तीन गेंदों में आठ रन)
- चौथी गेंद: मिलर ने छक्का लगाकर मैच पूरी तरह पलट दिया। (अब दो गेंदों में दो रन)
- पांचवीं गेंद: मिलर ने सिंगल लेने से मना किया, जबकि रन आसानी से मिल सकता था। यही टर्निंग प्वाइंट बना। (अब एक गेंद में चाहिए थे दो रन)
- छठी और आखिरी गेंद: मिलर शॉट खेलते ही रन के लिए दौड़ पड़े, तभी विकेट के पीछे खड़े जोस बटलर ने फुर्ती दिखाते हुए डायरेक्ट हिट किया और कुलदीप रनआउट हो गए। इस तरह दिल्ली की टीम एक रन से मैच हार गई।
अगर पांचवीं गेंद पर मिलर सिंगल लेते तो स्कोर बराबर हो जाता। ऐसे में आखिरी गेंद पर रन नहीं भी बनता तो मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकलता। लेकिन मिलर का सिंगल नहीं लेना टीम को भारी पड़ गया।

धार्मिक तैयारियां शुरू: मद्महेश्वर और तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि कल तय, डीएम रहेंगे मौजूद
डिप्टी स्पीकर पद खाली रहने पर विपक्ष का सरकार पर निशाना
केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
असम के मुख्यमंत्री पर राहुल गांधी का तीखा वार, कहा- सबसे भ्रष्ट नेताओं में एक
बिहार में राजनीतिक हलचल: 15 तारीख को नए सीएम का शपथ ग्रहण, प्रधानमंत्री की मौजूदगी की चर्चा
मामले में अदालत का अहम हस्तक्षेप, गिरफ्तारी पर ब्रेक