₹9.99 करोड़ देखकर भी नहीं बदला इरादा, महिला की ईमानदारी ने जीता दिल
बिछवां (मैनपुरी) | खाते में दस करोड़ रुपये देखकर भी यूपी के मैनपुरी जिले के गांव देवगंज की रहने वाली सीता का ईमान नहीं डगमगाया। उन्होंने परिवार से साफ कह दिया कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आ जाती, तब तक खाते से एक रुपये की भी निकासी नहीं होगी। बता दें कि बैंक ऑफ इंडिया के उनके खाते में 24 मार्च को अचानक 9,99,49,588 रुपये दिखने लगे थे।नवरात्र के चलते बैंक बंद था। उन्होंने एटीएम जाकर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा और जांच शुरू हुई। पता चला कि उनके खाते में कोई संदिग्ध लेन-देन नहीं हुआ है। तकनीकी गड़बड़ी के चलते खाते में इतनी बड़ी रकम दिख रही थी। उधर, सीता की ईमानदारी की तारीफ देशभर में हो रही है।गांव देवगंज निवासी सीता देवी पत्नी पारसभान बहेलिया ने करीब दो साल पहले बैंक ऑफ इंडिया, सुल्तानगंज से भैंस खरीदने के लिए लोन कराया था। उनको एक एटीएम कार्ड भी मिला था। बीते 24 मार्च को वह अपने बेटे अरुण के साथ बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा पर बैलेंस चेक करने के लिए पहुंचीं तो खाते में शेष राशि देखकर उनके होश उड़ गए। खाते में 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 588 रुपये का बैलेंस दिख रहा था।सीता देवी को विश्वास नहीं हुआ तो उन्होंने दोबारा से बैलेंस चेक किया। फिर से वही बैलेंस दिखाने पर उन्होंने इसका वीडियो बनाया और बेटे की मदद से उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में उन्होंने ईमानदारी दिखाते हुए कहा कि उन्हें यह पैसा नहीं चाहिए, जिसका भी यह पैसा है, वह वापस ले ले।
आरबीआई तक पहुंचा वीडियो, जांच में पकड़ में आई गड़बड़ी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) तक पहुंच गया। आरबीआई ने संज्ञान लेते हुए बैंक ऑफ इंडिया को निर्देश जारी किए। इसके बाद रविवार को बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह जांच के लिए गांव पहुंचे। महिला को साथ लेकर उन्होंने खाते की जांच की तो पाया कि सीता के खाते में कोई भी संदिग्ध लेनदेन नहीं हुआ है।उनके खाते में इस समय 61512 रुपये 75 पैसे का बैलेंस है। बैंक मैनेजर के अनुसार, सीता के खाते में जो बड़ी रकम दिखाई दे रही थी, वह एक तकनीकी कारण यानी लोन अकाउंट पर लगे ‘लियन’ की वजह से दिख रही थी। यानी यह सिर्फ सिस्टम की एंट्री थी, असली पैसा नहीं था।
यह बोले अधिकारी
अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र साहा ने बताया कि महिला सीता के खाते में रुपये का कोई भी लेनदेन नहीं हुआ है। तकनीकी गड़बड़ी की वजह से एटीएम में इतनी बड़ी रकम दिख रही थी। महिला की पासबुक का स्टेटमेंट निकाला गया है जिसमें 21 मार्च से 29 मार्च तक इस तरह का कोई भी लेनदेन दर्ज नहीं है।

धार्मिक तैयारियां शुरू: मद्महेश्वर और तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि कल तय, डीएम रहेंगे मौजूद
डिप्टी स्पीकर पद खाली रहने पर विपक्ष का सरकार पर निशाना
केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
असम के मुख्यमंत्री पर राहुल गांधी का तीखा वार, कहा- सबसे भ्रष्ट नेताओं में एक
बिहार में राजनीतिक हलचल: 15 तारीख को नए सीएम का शपथ ग्रहण, प्रधानमंत्री की मौजूदगी की चर्चा
मामले में अदालत का अहम हस्तक्षेप, गिरफ्तारी पर ब्रेक